Breaking News in Primes

पॉक्सो अधिनियम पर कोरिया और एमसीबी के शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

0 11
  • *पॉक्सो अधिनियम पर कोरिया और एमसीबी के शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण*

*बच्चों से विश्वास का रिश्ता बनाएं, ताकि वे अपनी परेशानी खुलकर बता सकें – प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश पारीक*

दैनिक प्राईम संदेश कोरिया छत्तीसगढ़ स्टेट हेड अजीमुदिन अंसारी

*कोरिया, 26 नवंबर 2026/* जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बैकुंठपुर ने ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी- भरतपुर (एमसीबी) जिले के शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम), पीड़ित बच्चों के अधिकार और बाल लैंगिक शोषण की जानकारी मिलने पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में बताया गया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष योगेश पारीक ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा पूरे समाज की जिम्मेदारी है। शिक्षक बच्चों के व्यवहार, भावनाओं और परेशानियों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसा विश्वासपूर्ण माहौल बनाया जाए, जहां बच्चे बिना डर या संकोच के अपनी बात कह सकें। बाल लैंगिक शोषण की जानकारी मिलने पर उन्होंने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने और संबंधित प्राधिकारी को सूचना देने पर जोर दिया।

जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर कुजूर ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, अपराधों की श्रेणियों और न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चे की पहचान गोपनीय रखी जाए, उसकी गरिमा का ध्यान रखा जाए और उससे संवेदनशील व्यवहार किया जाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अमृता दिनेश मिश्रा ने बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पीड़ित बच्चों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए विभागों के बीच समन्वय पर बल दिया।

प्रशिक्षण में लीगल एड डिफेंस कौंसिल सिस्टम के चीफ अजय सिंह ने विधिक सहायता, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आशा सेन ने साइबर अपराध और जिला चिकित्सालय के मनोवैज्ञानिक डॉ. सुमन कुमार ने बाल मनोविज्ञान पर जानकारी दी। बाल संरक्षण अधिकारी अली अहमद ने बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया समझाई। बाल कल्याण अधिकारी संजीव साहू ने बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!