पीईटी परीक्षा में गणित के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया, अनर्व तूफान के बाद बारिश और जाम ने बढ़ाई परेशानी
News By-हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
25 अक्टूबर की तुलना में अधिक कठिन और कैलकुलेटिव रहा प्रश्नपत्र, तीन परीक्षा केंद्रों पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़, मौसम की मार से जूझते हुए पहुंचे परीक्षार्थी
भरवारी कौशांबी: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का गुरुवार का प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। नगर पालिका परिषद भरवारी क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी कन्या इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज मेहता रोड और हुबलाल इंटर कॉलेज गौरा रोड में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को 25 अक्टूबर को हुई परीक्षा की तुलना में अधिक कठिन और कैलकुलेटिव बताया। खासकर गणित के सवालों ने परीक्षार्थियों को काफी देर तक उलझाए रखा।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, गणित खंड में पाई चार्ट और बार ग्राफ से संबंधित सवालों को हल करने में अधिक समय लगा। गणनाएं लंबी होने के कारण समय प्रबंधन भी बड़ी चुनौती बना रहा। हालांकि इतिहास, भूगोल, विज्ञान और हिंदी के प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम के दायरे में ही रहे। अभ्यर्थियों ने बताया कि इन विषयों में सिलेबस से बाहर का कोई सवाल नहीं पूछा गया।
अनर्व तूफान के बाद बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को केवल कठिन प्रश्नपत्र ही नहीं, बल्कि मौसम की मार का भी सामना करना पड़ा। अनर्व तूफान के बाद हुई बारिश से सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा। दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के बीच भीगते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचने की मजबूरी रही। वहीं, परीक्षा छूटने और शुरू होने के समय सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। इससे अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अभ्यर्थियों ने साझा किया अनुभव
फतेहपुर की अभ्यर्थी रूबी मिश्रा ने बताया कि उनका पेपर बहुत अच्छा हुआ। वहीं पुष्पा सिंह ने भी परीक्षा को लेकर अपना अनुभव साझा किया। फतेहपुर की ही आशा सिंह ने कहा कि पेपर अच्छा रहा। उनके मुताबिक, नियमित रूप से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रश्नपत्र ज्यादा कठिन नहीं था, हालांकि गणित के कुछ सवालों में अधिक समय लगने से परीक्षा चुनौतीपूर्ण महसूस हुई।

पुलिस-प्रशासन की रही निगरानी
तीनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की निगरानी रही। अभ्यर्थियों की आवाजाही, परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। कुल मिलाकर इस बार पीईटी परीक्षा में अभ्यर्थियों की असली परीक्षा गणितीय गणना और समय प्रबंधन के साथ-साथ खराब मौसम और यातायात की मुश्किलों ने भी ली।