लोकेशन धामनोद
देवीजी मेले में झूला झूलने की बात पर चाकूबाजी, पेट में चाकू मारकर युवक को किया गंभीर घायल; धामनोद पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
स्विफ्ट कार से पहुंचे थे आरोपी, मारपीट के बाद चाकू से किया प्राणघातक हमला; एक बाल अपचारी भी गिरफ्तार
धामनोद, जिला धार। देवीजी मेले में झूला झूलने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 17 अक्टूबर की रात आरोपियों ने एक युवक के साथ मारपीट करते हुए बीच-बचाव करने आए रणजीत वर्मा के पेट में चाकू मारकर जानलेवा हमला कर दिया। मामले में धामनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो
आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी कार्तिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर 2026 को मेला देखने के दौरान उसकी छोटी बहन की सहेली के साथ झूला झूलने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रात करीब 11:30 बजे आराध्या इलेक्ट्रॉनिक दुकान के सामने आरोपी शिवम, पीयूष, ललित और उनके साथी स्विफ्ट कार से पहुंचे। आरोपियों ने कार्तिक के साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए रणजीत वर्मा के पेट में शिवम ने चाकू मार दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर धामनोद थाने में अपराध क्रमांक 522/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 351(3) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने स्विफ्ट कार भी की जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव ने विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ललित पिता मदन गावड़ तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक MP09CR8372 भी जब्त की गई।
इसके बाद आरोपी ललित गावड़ से पूछताछ एवं मेमोरेंडम की कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी राज पिता गोविंद तंवर को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बाल अपचारी को बाल संप्रेषण गृह झाबुआ भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रकरण के अन्य आरोपी पीयूष उर्फ टटिया पिता देवीसिंह सहित अन्य की तलाश और पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
ललित पिता मदन गावड़, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम दूधी, थाना धामनोद।
राज पिता गोविंद तंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम दूधी, थाना धामनोद।
एक बाल अपचारी।

जब्त वाहन: स्विफ्ट कार क्रमांक MP09CR8372।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव, उपनिरीक्षक जयकिशन, सहायक उपनिरीक्षक जुवानसिंह हरवाल, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश यादव, आरक्षक आकाश रोकड़े, आरक्षक अशोक मुनिया सहित धामनोद थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।