लोकेशन धामनोद
सवाददाता मोनु पटेल
धामनोद पुलिस ने गौवंश से भरा लोडिंग वाहन पकड़ा, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
धामनोद पुलिस ने गौवंश से भरा लोडिंग वाहन पकड़ा, 7 गौवंश बरामद
अलीम खान और लखन पटेल के खिलाफ मामला दर्ज, 4.80 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
धामनोद। गौवंश के अवैध परिवहन एवं पशुओं के प्रति क्रूरता की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए धामनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खलघाट चौराहे से गौवंश से भरा एक लोडिंग वाहन पकड़ा। वाहन में दो बैल और पांच केड़े सहित कुल सात गौवंश क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। पुलिस ने वाहन सहित सभी गौवंश को जब्त कर दो आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को धामनोद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खलघाट चौराहे पर एक लोडिंग वाहन क्रमांक MP46G1625 में गौवंश भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में दो बैल और पांच केड़े, कुल सात गौवंश मिले। पशुओं को वाहन में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था तथा उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी।
पुलिस ने वाहन चालक अलीम खान पिता कलीम खान, उम्र 40 वर्ष, तथा उसके साथी लखन पटेल पिता टंट्या पटेल, उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी खड़कवानी, जिला खरगोन से गौवंश के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
4.80 लाख रुपये का मश्रुका जब्त

पुलिस ने लोडिंग वाहन और सातों गौवंश को जब्त कर लिया। जब्त वाहन की कीमत करीब 4 लाख रुपये तथा गौवंश की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 4 लाख 80 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 511/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी धामनोद के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय वास्कले, उपनिरीक्षक सावन मुवेल एवं थाना धामनोद पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।