News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
जहर देकर हत्या का आरोप, शिकायत लेकर पहुंची महिला से अभद्रता का भी आरोप, कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण
अझुवा/कौशाम्बी: सैनी थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने युवक का शव सैनी थाने के मुख्य गेट के सामने रखकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और उसके रिश्तेदारों पर युवक को कथित तौर पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के मुताबिक, युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए मामले की शिकायत पुलिस से करने का प्रयास किया। आरोप है कि मृतक की एक महिला परिजन शिकायत लेकर थाने पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और उसे थाने से बाहर भगा दिया। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में पुलिस के प्रति भी नाराजगी बढ़ गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। इससे आक्रोशित ग्रामीण शव लेकर सैनी थाने पहुंच गए और मुख्य गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
थाने के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने और हंगामे की सूचना पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक लोगों को शांत कराने का प्रयास चलता रहा।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।