Breaking News in Primes

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान सिलवानी और गैरतगंज में जनकल्याण शिविर में शामिल हुए हितग्राहियों को सौंपे हितलाभ

0 0

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान सिलवानी और गैरतगंज में जनकल्याण शिविर में शामिल हुए हितग्राहियों को सौंपे हितलाभ
क्षेत्र में सड़कों अस्पतालों और जनसुविधाओं के विकास को नई गति मिली है- केन्द्रीय मंत्री चौहान
लाड़ली बहना से आगे अब हर बहन बनेगी लखपति दीदी आत्मनिर्भरता का नया अभियान
हर गरीब को मिलेगा पक्का मकान हर खेत तक पहुंचेगा पानी और हर युवा को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
ग्राम पंचायत तय करेगी विकास की दिशा गांव की जरूरत के अनुसार खर्च होगा हजारों करोड़ का विकास बजट
खेत बचाओ अभियान इंटीग्रेटेड फार्मिंग और आधुनिक कृषि मॉडल से बदलेगी किसानों की तस्वीर- शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के सिलवानी और गैरतगंज के दौरे पर थे। केन्द्रीय मंत्री ने सिलवानी और गैरतगंज में आयोजित जन-कल्याण शिविर में शिरकत कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। उन्होंने सिलवानी में सिविल अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया और अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया।


इस दौरान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में नेता जनता का सेवक होता है और जनता ही सबसे बड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है और जनप्रतिनिधि कोई अहसान नहीं करते बल्कि अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि ताली बजवाना ठीक है, स्वागत करना भी परंपरा का हिस्सा है, लेकिन बार-बार खड़े होकर अत्यधिक सम्मान दिलवाना मुझे उचित नहीं लगता। मैं तो हमेशा कहता हूँ कि हम सब एक परिवार हैं। सिलवानी बेगमगंज बमोरी प्रतापगढ़ और पूरा क्षेत्र मेरा अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूँ कि परंपराएँ अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं लेकिन लोकतंत्र में सबसे ऊपर जनता होती है और जनता की सेवा करना ही हमारा सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि सिलवानी मेरा परिवार है और मैं यहां मेहमान नहीं बल्कि मामा बनकर अपने परिवार के बीच आया हूं। साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिलवानी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थी मोहन विश्वकर्मा के नवनिर्मित पक्के आवास का निरीक्षण किया और परिवार के साथ भोजन भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ा भारत का गौरव

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर सम्मान की दृष्टि से देख रही है और विकसित आत्मनिर्भर व समृद्ध भारत के निर्माण का सपना तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में विकसित देशों के सम्मेलन में छोटे किसानों के हितों की भारत द्वारा रखी गई बात को वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया गया जो देश के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली वैभवशाली शक्तिशाली समृद्ध और सम्पन्न विकसित भारत का निर्माण हो रहा है।

जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पारदर्शी तरीके से मिलेगा योजनाओं का लाभ

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अलग-अलग विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर पारदर्शी तरीके से पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि मंच से सार्वजनिक रूप से हितलाभ वितरण करने से पारदर्शिता बनी रहती है और किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी दिए कि सभी प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए और पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब लाभ दिया जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र के अनेक गांवों की सड़कों को स्वीकृति दी गई है और संबंधित ग्रामीणों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। सिलवानी अस्पताल में नए भवन के साथ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित की गई है ताकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का विभागवार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाएगा और जिला प्रशासन इस प्रक्रिया की सतत निगरानी करेगा।

हर गरीब को मिलेगा पक्का मकान सर्वे में किसी पात्र का नाम नहीं कटेगा

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश को अब तक 13 लाख से भी अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रत्येक पात्र गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि चल रहे फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान पूरी संवेदनशीलता बरती जाए और किसी वास्तविक पात्र गरीब का नाम गलती से भी सूची से बाहर न हो। उन्होंने कहा कि जिनके पास कच्चा मकान है उन्हें हर हाल में पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है और भविष्य में इसकी राशि बढ़ाने का संकल्प भी कायम है। उन्होंने कहा कि अब सरकार का अगला लक्ष्य प्रदेश की हर महिला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर ष्लखपति दीदीष् बनाना है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण बैंक ऋण और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक करने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और शहरों में अधिक से अधिक महिलाओं को समूहों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

खेत बचाओ अभियान और इंटीग्रेटेड फार्मिंग से बढ़ेगी किसानों की आय

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि बदलते समय में खेती को वैज्ञानिक और लाभकारी बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रायसेन जिले के लिए विशेष कृषि रोडमैप तैयार किया गया है जिसमें खेत बचाओ अभियान के तहत मिट्टी की जांच संतुलित खाद का उपयोग और फसल विविधीकरण पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि छोटे जोत वाले किसानों के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल तैयार किया गया है जिसमें खेती के साथ पशुपालन मत्स्य पालन मधुमक्खी पालन बागवानी और सब्जी उत्पादन को जोड़कर आय बढ़ाई जाएगी। किसानों को गांव स्तर पर वैज्ञानिक मिट्टी और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त फसलों की जानकारी भी देंगे।

ग्राम पंचायत तय करेगी विकास की प्राथमिकताएं

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि वीबी जी राम जी योजना के तहत पंचायतों को हजारों करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी लेकिन अब योजनाएं दिल्ली या भोपाल में नहीं बनेंगी। ग्राम सभा स्वयं तय करेगी कि गांव में तालाब बनना है, खेत सड़क बननी है पंचायत भवन बनना है या अन्य विकास कार्य किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि यदि पंचायतें योजनाबद्ध तरीके से इस राशि का उपयोग करें तो आने वाले वर्षों में गांवों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

पानी बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल अल नीनो के कारण सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है इसलिए जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 250 से अधिक गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है और क्षेत्र में नए बांधों व जल संरचनाओं की संभावनाओं पर भी सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां भी पानी रोका जा सकता है वहां जल संरक्षण के प्रयास किए जाएंगे क्योंकि खेतों तक पानी पहुंच जाए तो किसान अपनी मेहनत से चमत्कार कर सकता है।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जारी रहेगा सेवा अभियान

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में मरीजों की बीमारी का समय रहते पता चला और उनका उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब उपचार के अभाव में परेशान न हो यह सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का अभियान भी जारी रहेगा।

रायसेन में भी शुरू होगी मामा कोचिंग क्लास

 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विदिशा के बाद अब रायसेन में भी जल्द ही मामा कोचिंग क्लास शुरू की जाएगी जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल कोचिंग तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि करियर काउंसलिंग स्वरोजगार के अवसर बैंकिंग सहायता और रोजगार मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि हर युवा अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि मेरे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बने और वो लगातार आगे बढ़ें। मैं चाहता हूँ कि मेरे बच्चों के जीवन में नई उम्मीदें और नए अवसर आएँ ताकि उन्हें भविष्य को लेकर निराशा या असमंजस का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा पूर्व कैबीनेट मंत्री रामपाल सिंह तथा राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!