भीषण गर्मी के चलते शिक्षकों को राहत, ग्रीष्मावकाश 7 जून तक बढ़ाया गया
लोक शिक्षण संचालनालय का आदेश जारी, 8 जून से विद्यालयों में होगी शिक्षकों की वापसी
भीषण गर्मी के चलते शिक्षकों को राहत, ग्रीष्मावकाश 7 जून तक बढ़ाया गया
लोक शिक्षण संचालनालय का आदेश जारी, 8 जून से विद्यालयों में होगी शिक्षकों की वापसी
भोपाल। प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव की परिस्थितियों को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन ने शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में वृद्धि कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब शिक्षकों का ग्रीष्मावकाश 01 मई से 07 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा।
आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि प्रदेश के अनेक जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं शिक्षकों द्वारा जनगणना एवं बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित कार्य भी संपादित किए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों के स्वास्थ्य हित में यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में घोषित अवकाश में संशोधन करते हुए केवल ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाई गई है। दशहरा, दीपावली एवं शीतकालीन अवकाश पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत रहेंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों, कलेक्टरों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है।
प्रदेशभर के शिक्षकों ने अवकाश अवधि बढ़ाए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे भीषण गर्मी के बीच राहतभरा कदम बताया है।

दैनिक प्राईम संदेश — सबसे आगे
भोपाल, मध्यप्रदेश | शनिवार, 30 मई 2026