News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: संदीपन घाट थाना क्षेत्र के आलमचंद्र गांव में हुए पूर्व प्रधान मनोज कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो शूटरों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक बरामद की है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार पैसों के लेनदेन को लेकर रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी।
गौरतलब है कि बीती 4 मई की सुबह पूर्व प्रधान मनोज कुमार मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गंभीर हालत में उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और साइबर टीमों को जांच में लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों सुलखान सिंह और नीरज को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी सूरज पासी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं फरार आरोपी सूरज पासी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।