Breaking News in Primes

पुलिस की बड़ी उपलब्धि—CEIR पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रदेश में दूसरा स्थान

0 9

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
एसपी राजेश कुमार ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन थानों को ₹15,000 कैश रिवार्ड व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

कौशाम्बी: मोबाइल चोरी, स्नेचिंग और मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए जनपद कौशाम्बी ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री राजेश कुमार ने लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहे टॉप 03 थानों—थाना सराय अकिल, थाना कड़ाधाम और थाना कोखराज—को प्रोत्साहन स्वरूप ₹15,000 का कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

एसपी राजेश कुमार ने बताया कि CEIR पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों पर तेज़ी से कार्रवाई करते हुए मोबाइलों की ट्रैकिंग व रिकवरी में कौशाम्बी पुलिस लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले माह CEIR पर मोबाइल रिकवरी में कौशाम्बी प्रदेश में प्रथम स्थान पर था, और इस माह भी जनपद ने अपनी निरंतरता कायम रखते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

CEIR पोर्टल क्या है?
यह एक केंद्रीकृत राष्ट्रीय नागरिक पोर्टल है, जिसकी मदद से चोरी, गुम या छीने गए मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया जाता है। आम नागरिक स्वयं भी अपना मोबाइल खोने या चोरी होने की सूचना पोर्टल ceir.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। इसी के माध्यम से देश के किसी भी हिस्से से ट्रेस हुए मोबाइल फोन को संबंधित थाना पुलिस के माध्यम से सही मालिक तक पहुँचाया जाता है।

एसपी राजेश कुमार ने सभी थानों को निर्देशित किया कि मोबाइल चोरी व गुमशुदगी से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए CEIR पोर्टल पर अधिकतम फॉलोअप किया जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित राहत मिल सके।

जनपद में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले थाने —
थाना सराय अकिल
थाना कड़ाधाम
थाना कोखराज

कौशाम्बी पुलिस की यह सफलता न केवल त्वरित पुलिसिंग का उदाहरण है, बल्कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से बढ़ती पुलिस-पब्लिक विश्वास का भी संकेत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!