सुविख्यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को मुख्यमंत्री डॉ.यादव वर्ष-2024 के पुरस्कार से करेंगे अलंकृत
—
दो दिवसीय राष्ट्रीय “किशोर कुमार सम्मान” कार्यक्रम 13 और 14 को
—
संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन,खंडवा के सहयोग से दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान का आयोजन 13-14 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड, खंडवा में किया जाएगा। दोनों दिनों की प्रस्तुतियाँ शाम 7 बजे से संयोजित की जाएंगी। संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि पहले दिन 13 अक्टूबर को स्थानीय किशोर गायकों द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुतियाँ होंगी। इसी दिन इंदौर के श्री अनिल शर्मा एवं बैंड श्रोताओं के लिए किशोर कुमार के यादगार नगमे पेश करेंगे।
संचालक, संस्कृति श्री नामदेव ने बताया कि मुख्य समारोह 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। मुख्यमंत्री जी वर्ष-2024 के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान(गीत लेखन) से मुंबई के सुविख्यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को विभूषित करेंगे। इस अवसर पर मुंबई के हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप द्वारा किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। समारोह में संगीत के साधक एवं कलाप्रेमी श्रोताओं का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री, जनजातीय कार्य एवं गैस राहत विभाग डॉ. कुँवर विजय शाह एवं सांसद, खंडवा श्री ज्ञानेश्वर पाटिल उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में विधायक मांधाता श्री नारायण पटेल, विधायक खंडवा श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, विधायक, पंधाना श्रीमती छाया गोविंद मोरे, महापौर खंडवा सुश्री अमृता अमर यादव, खंडवा जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश बानखेडे की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।