कौशांबी में 15 साल की बच्ची को 40 दिनों में 12 बार डसने वाले सांप को स्थानीय सपेरों ने 5 घंटों के रेस्क्यू के बाद पकड़ा
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: जिले में बीते सप्ताह भर पहले एक ऐसा मामला सामने आया था, जिसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया था। सिराथू तहसील क्षेत्र के भैंसहापर गांव की रहने वाली 15 साल की रिया मौर्य को बीते 40 दिनों में 12 बार सांप ने काटा। रिया के पिता राजेंद्र मौर्य का दावा है कि 22 जुलाई 2025 को खेत जाते समय पहली बार सांप ने उनकी बेटी रिया को डसा था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और इलाज के बाद वह ठीक हो गई। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई। 13 अगस्त को फिर से सांप ने रिया मौर्य को काट लिया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर किया, लेकिन परिजनों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया। रिया मौर्य एक बार फिर मौत के मुंह से बाहर आ गई। राजेंद्र मौर्य का कहना है कि 27 अगस्त से 30 अगस्त की सुबह तक सांप ने उसकी बेटी को चार बार काटा। कभी नहाते समय तो कभी घरेलू काम करते वक्त डसा। इलाज में उनकी जमा पूंजी खत्म हो चुकी है। मजबूरी में अब वे झाड़-फूंक का सहारा ले रहे हैं। पीड़ित रिया बताती है कि सांप बहुत बड़ा है, गहरे काले रंग का है और उसके ऊपर हरे रंग की धारियां बनी हैं। काटने के करीब 1 घंटे बाद वह बेहोश हो जाती है। होश आने पर खुद को कभी अस्पताल के बिस्तर पर पाती है तो कभी झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक के पास। वहीं, लगातार घटनाओं से घबराकर कुछ दिनों पहले रिया के छोटे भाई-बहन ननिहाल चले गए थे। पूरा परिवार झोपड़ीनुमा कच्चे घर में रहता था और लगातार बच्ची को सांप काटने की घटन होने के बाद से परिवार वहां से पलायन फतेहपुर जनपद में ननिहाल में रहने लगा था।
वहीं मंगलवार की सुबह को किसी काम से घर आये सर्प दंश की शिकार रिया के पिता राजेन्द्र मौर्य ने जब घर के भीतर काला सांप देखा तो उन्होंने स्थानीय सपेरों को इसकी जानकारी दी। तकरीबन आधा दर्जन लोग ने मिलकर 5 घंटे की रेस्क्यू के बाद सांप को पकड़ा और मामले की जानकारी वन विभाग को दी।
वहीं इस पूरे मामले में एसडीएम सिराथू अरूण कुमार गोड़ का कहना है कि स्थानीय सपेरों ने एक काला सांप पकड़ा है। बताया जा रहा है। यही सांप रिया नामक 15 वर्षीय लड़की को बार बार काट रहा था। फिलहाल मामले की जानकारी वन विभाग को दे दी गयी है। यह ब्लैक कोबरा जैसा लग रहा है।