गणेश उत्सव, डोल ग्यारस एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित
देखिए पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश
गणेश उत्सव, डोल ग्यारस एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित
देखिए पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश
बैतूल। आगामी 27 अगस्त से 06 सितम्बर 2025 तक आयोजित होने वाले गणेश उत्सव, डोल ग्यारस एवं अनंत चतुर्दशी (गणेश प्रतिमा विसर्जन) के अवसर पर कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 25 अगस्त 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम बैतूल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री निश्चल एन. झारिया मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं डीएसपी सैफा हाशमी भी उपस्थित थीं। बैठक में बैतूल नगर के गणेश मंडलों के पदाधिकारी, आयोजन समिति के संचालक, तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
*पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश:*
1. प्रत्येक गणेश मंडल अपने मंडल का नाम, पदाधिकारियों की सूची व मोबाइल नंबर संबंधित थाने में उपलब्ध कराएं।
2. भंडारा/जागरण या सामूहिक आयोजन हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से अनुमति अनिवार्य होगी।
3. डीजे/लाउडस्पीकर का उपयोग केवल रात 10 बजे तक एवं निर्धारित ध्वनि स्तर पर किया जाए।
4. यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, जुलूस के समय यातायात अवरोध न हो इसका ध्यान रखें।
5. प्रत्येक पंडाल में मंडल का एक जिम्मेदार सदस्य 24 घंटे मौजूद रहे।
6. विद्युत सज्जा सुरक्षित हो, तार कटे-फटे न हों।
7. प्रत्येक पंडाल में CCTV कैमरा एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
8. शोभायात्रा का मार्ग पूर्व निर्धारित रहेगा, उसमें कोई बदलाव न हो।
9. भड़काऊ नारे, भाषण या गीत पूर्णतः वर्जित रहेंगे। सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करें।
10. आयोजक स्वयंसेवक नियुक्त करें जो पुलिस की सहायता करेंगे।
11. गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित घाटों/जलाशयों पर ही किया जाए।
12. भीड़ में महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।
13. चल समारोह/झांकियों में शराब सेवन व धारदार हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित रहेगा।
14. किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।
*पुलिस अधीक्षक का संदेश*
बैठक के दौरान एसपी श्री निश्चल एन. झारिया ने आयोजकों एवं नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि “शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”
PRO Police Betul