Breaking News in Primes

ट्रांसफॉर्मर का तेल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस वाहन में टक्कर मारकर भागने की कोशिश

0 5

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी    

चकवन चौराहे पर चेकिंग के दौरान कोखराज टोल प्लाजा के पास हुई कार्रवाई, दो सिपाही घायल, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त

कौशाम्बी: कोखराज थाना पुलिस और CIW टीम ने ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहन में कई बार टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। इस घटना में दो सिपाही घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और चोरी का तेल बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, चकवन चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फतेहपुर की ओर से एक अर्टिगा कार आ रही है, जिसमें ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने वाले संदिग्ध सवार हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोखराज टोल प्लाजा के पास कार को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि कार सवारों ने पुलिस वाहन में कई बार टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। इस दौरान सिपाही निखिल गौतम और धीरज यादव घायल हो गए तथा सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिथुन गौतम, रोहित पटेल उर्फ संजय पटेल और रवि सरोज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से स्प्लाइन रिंच, करीब तीन मीटर पाइप और तेल से भरे चार गैलन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सकाढ़ा के पास स्थित एक बंद मकान से भी करीब 60 लीटर तेल बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में बरामद तेल और उपकरणों के आधार पर चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!