Breaking News in Primes

चांपा में चला बुलडोजर, रेलवे की जमीन से अवैध निर्माण किया ध्वस्त

0 0

चांपा में चला बुलडोजर, रेलवे की जमीन से अवैध निर्माण किया ध्वस्त

दैनिक प्राईम संदेश न्यूज़/जांजगीर-चांपा

चांपा। नगर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगरीय प्रशासन के साथ-साथ रेलवे प्रशासन भी सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 5 सितंबर को रेलवे प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अंडरब्रिज के समीप किए जा रहे निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, चांपा से भोजपुर मार्ग की ओर जाने वाले अंडरब्रिज से बाहर निकलते ही रेलवे क्षेत्र से सटाकर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था। रेलवे प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य बंद करने तथा अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर रेलवे प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद शनिवार को राजस्व अधिकारियों और चांपा पुलिस की मौजूदगी में रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से निर्माण को तोड़कर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

वहीं, रेलवे अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आगामी 10 सितंबर को भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि रेलवे क्षेत्र में दोबारा किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में रेलवे क्षेत्र में किए गए अन्य अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!