प्रयागराज के मांडा मे MD ड्रग बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का मुंबई क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर किया खुलासा,53 किलो MD ड्रग बरामद
News By-नितिन केसरवानी
मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई मे 21 आरोपियों का नेटवर्क सामने आया; कुल 69.759 किलो MD और करीब 139 करोड़ का माल बरामद
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मादक पदार्थ MD (मेथामफेटामाइन) बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का मुंबई क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। मीराभाईंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की अपराध प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-4 की टीम ने प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के कोसड़ा कला,मेजा इलाके में छापेमारी कर करीब 52 किलो 932 ग्राम MD बरामद की। फैक्ट्री में MD तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले बड़ी मात्रा में रसायन और लैब उपकरण भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई नालासोपारा में MD के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से शुरू हुई जांच के बाद सामने आए एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। अब तक इस मामले में 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी MD तैयार करने, रसायन और लैब उपकरण उपलब्ध कराने, तस्करी, बिक्री, पैडलिंग और आर्थिक लेन-देन में अलग-अलग भूमिका निभा रहे थे।
नालासोपारा में 112 ग्राम MD के साथ हुई थी पहली गिरफ्तारी
मामले की शुरुआत 24 जून 2026 की रात करीब 8:40 बजे हुई। नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर, मनवेलपाड़ा रोड स्थित प्रिया वॉशिंग सेंटर के पास बाबा पार्किंग परिसर से पुलिस ने अविनाश उर्फ सोनू लोकनाथ अय्यर (22) और रविकांत ओमप्रकाश राम (23) को करीब 112 ग्राम MD के साथ गिरफ्तार किया था। बरामद MD की अनुमानित कीमत करीब 3.36 लाख रुपये बताई गई थी।
इसके बाद तुलिंज पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच बढ़ी तो सामने आया 21 आरोपियों का नेटवर्क
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि MD के इस कारोबार से जुड़े लोगों का नेटवर्क महाराष्ट्र के नालासोपारा, मुंबई, कल्याण, नेरुल और जलगांव के अलावा गुजरात और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।
जांच के दौरान आरोपी नंबर 3 से 9 का संबंध आरोपी नंबर 13 जुम्मा तालाब ठाकर से सामने आया। पुलिस के मुताबिक, अबडासा, जिला कच्छ, गुजरात स्थित उसकी कृषि भूमि पर MD बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जुम्मा तालाब ठाकर को गिरफ्तार किया और फैक्ट्री का पता लगाया।

लैब का सामान और रसायन छिपाने की कोशिश
जांच में आरोपी नंबर 14 आयर्न सय्यद की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार उसने MD बनाने के लिए आवश्यक लैब उपकरण और रसायन रायगढ़ जिले के नेरुल इलाके में छिपाकर रखे थे। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद उसने सामान को वहां से हटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
वहीं आरोपी नंबर 12 जाहिद शेख उर्फ जावेद भाई ने मामले से संबंधित कुछ सामान को विरार-जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (JNPT) एक्सप्रेस हाईवे के पास कल्याण इलाके में फेंककर नष्ट करने की कोशिश की थी। जांच के दौरान पुलिस ने वह सामान भी बरामद कर लिया।
कुर्ला से 11.804 किलो MD और 18.70 लाख रुपये बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी नंबर 15 हसीब सिद्दीकी उर्फ इजाज मर्चेंट को कुर्ला, मुंबई से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 11 किलो 804 ग्राम MD और 18.70 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नंबर 18 मोईनुद्दीन शब्बीर शेख उर्फ मोईन की मदद से जलगांव में MD की बिक्री की जाती थी।
इसके बाद आरोपी नंबर 16 रहीम ताहेर पिंजारी और आरोपी नंबर 17 सय्यद मुशाहिद अली को जलगांव से गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से करीब 4 किलो 911 ग्राम MD बरामद हुई।
तकनीकी जांच से प्रयागराज की फैक्ट्री तक पहुंची पुलिस
जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को आरोपी नंबर 20 रजनीश मिश्रा और आरोपी नंबर 21 शिवधन मिश्रा के जरिए प्रयागराज में MD तैयार किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ में बताया कि मंडा थाना क्षेत्र के कोसड़ा कला, तहसील मेजा में खेत की जमीन किराए पर लेकर टिन/पत्रे का शेड बनाया गया था। इसी शेड के अंदर MD बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी।
जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस की अपराध प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-4 की टीम ने प्रयागराज पहुंचकर फैक्ट्री में छापेमारी की।
फैक्ट्री के अंदर मिला 52.932 किलो MD का जखीरा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से करीब 52 किलो 932 ग्राम MD बरामद की। इसके साथ ही MD तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न रसायन और लैब उपकरण भी मिले।
बरामद सामान में MMA (Mono methylamine), Acetone, Hydrochloric Acid, Chloroform, करीब 260 लीटर रसायन, 250 और 150 लीटर क्षमता के फ्लास्क, हीटिंग मेंटल, ड्रॉपिंग फनल और थर्मामीटर समेत अन्य उपकरण शामिल हैं।

अब तक 69.759 किलो MD बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में अब तक कुल 69 किलो 759 ग्राम MD बरामद की जा चुकी है। इसके अलावा नकदी, करीब 260 लीटर रसायन और MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले लैब उपकरण भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 139 करोड़ रुपये बताई है।
महाराष्ट्र से यूपी तक फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच के अनुसार इस मामले में MD बनाने वालों के साथ-साथ रसायन और लैब उपकरण उपलब्ध कराने वाले, मादक पदार्थ की तस्करी और बिक्री करने वाले, पैडलर तथा आर्थिक लेन-देन में शामिल लोग भी पकड़े गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े 21 आरोपियों को नालासोपारा, मुंबई, कल्याण, नेरुल, जलगांव, गुजरात और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के संगठित अपराध और इसके संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शित्रे, अपर पुलिस आयुक्त संदीप डोईफोडे, पुलिस उपायुक्त गोंडूराम बांगर और सहायक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-4 की टीम ने की।
कक्ष-4 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडाख, सपोनि प्रवीण भोसले समेत अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर सेल की टीम ने भी जांच में सहयोग किया।
पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच अभी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं तथा संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है।