लोकेसन-धामनोद
भगीरथ महादेव मंदिर से निकली बाबा की भव्य शाही बारात
धामनोद के वॉर्ड क्रमांक 09 स्थित भगीरथ महादेव मंदिर, जैन धर्मशाला के पास, से बाबा की भव्य और आकर्षक बारात का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। शाम ठीक 5:00 बजे मंदिर प्रांगण से बाबा की शाही सवारी निकली, जिसमें ढोल-ताशों की गूंज और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
सजावट से सुसज्जित रथ में विराजित बाबा की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बारात मंदिर से प्रारंभ होकर भक्त वत्सलेश्वर मंदिर प्रांगण (राधा जिनिंग) तक पहुँची। मार्गभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर सवारी का स्वागत किया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी भक्ति में लीन नजर आए।
रात्रि 8:00 बजे महाआरती का आयोजन अत्यंत भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार से वातावरण अलौकिक हो उठा। इसके पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें खिचड़ी, खीर, मिठाई एवं दूध की प्रसादी श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक बांटी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, माता-पिता और बच्चों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। सम्पूर्ण क्षेत्र शिवभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक श्रद्धा का भी अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर गया।