News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: रविवार की सुबह थाना सराय अकिल पुलिस को सूचना मिली कि पटेल चौराहे के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच-पड़ताल के दौरान मृतक की पहचान वकील कुमार (40 वर्ष) पुत्र स्व. मुन्नीलाल, निवासी माजरा नौबस्ता मौहर म्योहर, थाना करारी, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया और विधिक प्रक्रिया के तहत पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक के साले की पत्नी को सराय अकिल स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में शनिवार को बच्चा हुआ था, जिसे देखने वह सराय अकिल आया हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज में खुली हकीकत,हादसा या कुछ और?
प्रभारी निरीक्षक सराय अकिल वीर प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जानकारी में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि शायद किसी वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई हो। लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने पर पता चला कि मृतक स्वयं लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे गिरा था। फिलहाल किसी वाहन की टक्कर की पुष्टि नहीं हुई है। इंस्पेक्टर वीर प्रताप सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।