कौशाम्बी में फिर चमका धर्मराज मौर्य का सितारा, भाजपा ने दोबारा सौंपी जिलाध्यक्ष की कमान—समर्थकों में जश्न का माहौल
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 14 जिलों के नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इसमें कौशाम्बी जिले से एक बार फिर धर्मराज मौर्य को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि धर्मराज मौर्य के कार्यकाल में उनके संगठनात्मक कौशल, पार्टी के लिए समर्पण और जमीनी स्तर पर सक्रियता को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के गृह जनपद में धर्मराज मौर्य की पुनः ताजपोशी की खबर जैसे ही सामने आई, उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। गुरुवार को जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य के कौशाम्बी आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
लेहदरी पुल के पास कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर स्वागत किया। उनका काफिला जैसे-जैसे आगे बढ़ा, जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से अभिवादन किया। मंझनपुर चौराहे पर भी पार्टी पदाधिकारियों और युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद धर्मराज मौर्य सीधे भाजपा कार्यालय मंझनपुर पहुंचे, जहां उत्साहित समर्थकों और पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया और भरोसा जताया कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकर्ताओं के सहयोग से वह जिले में पार्टी की मजबूती के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और क्षेत्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है, जिसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। कौशाम्बी में भाजपा संगठन के लिए धर्मराज मौर्य की पुनर्नियुक्ति को आगामी राजनीतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।