Breaking News in Primes

प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

0 23

News By- नितिन केसरवानी

*प्रयागराज: प्रभारी मंत्री-प्रयागराज/मा0 मंत्री, जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग), उत्तर प्रदेश श्री स्वतंत्र देव सिंह जी की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस के सभागार में मा0 जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में मा0 जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र से सम्बंधित विभिन्न जनसमस्याओं एवं कराये जाने वाले आवश्यक कार्यों से अवगत कराते हुए उनपर आवश्यक कार्यवाही कराये जाने के लिए कहा।

बैठक में मा0 जनप्रतिनिधियों के द्वारा हण्डिया व मऊआइमा मार्ग पर रोड लाइट की क्रियाशीलता, नगर निगम के विस्तारित क्षेत्रों में भवनों के नक्सा बनवाये जाने के सम्बंध में लोगो को जागरूक किए जाने, मतदाता सूची के चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में वितरण व कलेक्शन की कार्यवाही में और तेजी लाये जाने, झूंसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाये जाने, जमीनों के अवैध कब्जे हटाये जाने, जगराम चौराहे से लक्ष्मी चौराहें तक नई सीवर लाइन तथा सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराये जाने, जल जीवन मिशन के तहत पुरानी टंकियों को पुनः संचालित किए जाने, तेलियरगंज से आगे द्रोपदी घाट तक रिवर फ्रंट रोड के अवशेष कार्य को पूर्ण कराये जाने, फौव्वारा चौराहे का सौन्दर्यीकरण कराने, मलाकहरहर से लालगोपालगंज तक एनएचआई के द्वारा बनायी गयी सड़क के किनारे नालियों के निर्माण के अधूरे कार्यों को पूर्ण कराये जाने, सोरांव में एक बड़ा स्टेडियम बनाये जाने, कोरांव में खराब हुई सड़कों के मरम्मतीकरण, किसानों के धान की खरीद हेतु धान क्रय केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत धान की खरीद करने सहित अन्य विषय रखे गये, जिसपर मा0 मंत्री जी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को मा0 जनप्रतिनिधियों के द्वारा उठाये गये विषयों को गम्भीरता से लेते हुए उसपर नियमानुसार उचित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है। बैठक में उपस्थित पुलिस आयुक्त श्री जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त श्री अजय पाल शर्मा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज, नगर आयुक्त श्री सीलम सांई तेजा, विकास प्राधिकरण के सचिव श्री अजीत सिंह के द्वारा मा0 मंत्री जी एवं मा0 जनप्रतिनिधियों को बैठक में रखे गये विषयों पर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए आश्वस्त किया गया।

इस अवसर पर मा0 सांसद फूलपुर श्री प्रवीण पटेल, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के0 सिंह, मा0 महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, मा0 विधायक फाफामऊ श्री गुरू प्रसाद मौर्य, मा0 विधायक कोरांव श्री राजमणि कोल, मा0 विधायक फूलपुर श्री दीपक पटेल, मा0 विधायक शहर उत्तरी श्री हर्षवर्धन वाजपेयी, मा0 विधान परिषद सदस्य श्री सुरेन्द्र चौधरी एवं डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष श्री राजेश शुक्ला सहित अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!