लोकेशन धामनोद
खलघाट नर्मदा पुल से कूदे युवक का तीसरे दिन मिला 22 वर्षीय राहुल का शव
नर्मदा में जान बचाने के लिए तैरता रहा युवक, तेज बहाव में बहा; सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
खलघाट। धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के खलघाट स्थित नर्मदा नदी के एसईडब्ल्यू पुल से छलांग लगाने वाले 22 वर्षीय राहुल मंडलोई का शव घटना के तीसरे दिन सोमवार सुबह बरामद हुआ। डीआरसी केंद्र धरमपुरी की टीम ने लगातार सर्चिंग अभियान चलाते हुए खरगोन जिले के खलटाका चौकी क्षेत्र के चिचली स्थित नर्मदा तट से शव निकाला।


जानकारी के अनुसार, राहुल पिता भारत मंडलोई निवासी पान्यादड़, रेलवा बुजुर्ग स्थित आईनॉक्स कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह आधार कार्ड अपडेट करवाने की बात कहकर घर से निकला था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक से खलघाट पहुंचा और खरगोन से इंदौर की ओर जाने वाली लेन पर स्थित नए एसईडब्ल्यू पुल पर बाइक खड़ी कर नर्मदा नदी में छलांग लगा दी।
पुल पर बाइक खड़ी मिलने के बाद घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय नाविकों, गोताखोरों और सर्चिंग टीम ने युवक की तलाश शुरू की। इस दौरान नर्मदा में तैरकर जान बचाने की कोशिश करते राहुल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, नदी के तेज बहाव के कारण वह बाहर नहीं निकल सका।
तीसरे दिन चिचली तट पर मिला शव


शनिवार से लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के बाद सोमवार, 19 अक्टूबर की सुबह राहुल का शव चिचली स्थित नर्मदा तट पर मिला। डीआरसी केंद्र धरमपुरी के होमगार्ड सैनिक दिनेश वर्मा के अनुसार, टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी। शव मिलने के बाद उसे खलटाका चौकी एवं थाना बलकवाड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया।