लोकेशन धामनोद
धामनोद पुलिस ने तुवर के खेत से गांजे के 60 पौधे किए जब्त
धामनोद पुलिस की कार्रवाई: तुवर के खेत में उगाए जा रहे गांजे के 60 पौधे जब्त, कीमत 4.50 लाख रुपए
ग्राम कछवानिया में तुवर की फसल के बीच हो रही थी गांजे की खेती, आरोपी की तलाश जारी
धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम कछवानिया में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का खुलासा करते हुए तुवर के खेत से गांजे के 60 पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 49 किलो 267 ग्राम बताया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को धामनोद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कछवानिया के गिनावापुरा निवासी चम्पु पिता सखाराम ने अपने तुवर के खेत में गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान तुवर की फसल के बीच छोटे-बड़े कुल 60 गांजे के पौधे लगे मिले।

पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर उनका वजन किया, जो कुल 49 किलो 267 ग्राम निकला। जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी चम्पु पिता सखाराम, निवासी गिनावापुरा, ग्राम कछवानिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 521/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।
उक्त कार्रवाई एसडीओपी धामनोद अर्चना रावत के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी धामनोद के नेतृत्व में की गई।