कौशाम्बी: पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड में बड़ा एक्शन: 25 हजार का इनामी आरोपी आदिल पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कमालपुर-बरेठी नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़, पुलिस पर दो राउंड फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
तमंचा, कारतूस, खोखे, नकदी और बाइक बरामद; जिला अस्पताल में चल रहा उपचार, अवैध पटाखा निर्माण और विस्फोटक नेटवर्क को लेकर पूछताछ
कौशाम्बी: पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में हुए चर्चित पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी मोहम्मद आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार तड़के कमालपुर-बरेठी नहर पुलिया के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आदिल ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा।
पुलिस के अनुसार, आदिल के बाइक से जाने की सूचना मिलने पर टीम ने उसका पीछा किया और कमालपुर-बरेठी नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आदिल के दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान बाइक चला रहा दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, फायर किए गए खोखे, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। हथियार बरामद होने के संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मुख्य कड़ी माना जा रहा आदिल
मनौरी क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद से ही मोहम्मद आदिल पुलिस की वांछित सूची में था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घटना के बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी से अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के निर्माण एवं भंडारण से जुड़ी अहम जानकारियां मिली हैं। अब पुलिस उसके माध्यम से इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हो चुकी है कार्रवाई
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस इससे पहले आदिल के पिता और मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे नौशाद को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा शबाना और शाइना की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस-प्रशासन ने आदिल से जुड़े बताए जा रहे अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण के ठिकानों पर भी कार्रवाई की है। कई स्थानों से पटाखों और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण और संपत्तियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई भी की गई।
14 लोगों की मौत से दहला था कौशाम्बी
मनौरी क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे कौशाम्बी को झकझोर कर रख दिया था। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और विस्फोटक सामग्री के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। आदिल की गिरफ्तारी को इसी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

नए SHO की तैनाती के अगले ही दिन बड़ी कार्रवाई
पुलिस महकमे में चर्चा का विषय यह भी है कि एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने एक दिन पहले ही चंद्र भूषण मौर्य को पिपरी थाने की कमान सौंपी थी। इसके अगले ही दिन भोर में पिपरी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले के 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल घायल आदिल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की पूरी कड़ी, अवैध पटाखा निर्माण एवं विस्फोटक सामग्री के नेटवर्क तथा मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।