मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मनाई गई बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती ।
शासकीय महाविद्यालय घोड़ाडोंगरी में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रोफेसर हेमंत निरापुरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में बाबा साहब के जीवन संघर्ष, उनके उच्च विचारों एवं भारतीय संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया और आज का युवा वर्ग उनके विचारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक संतोष सिंह राजपूत की उपस्थिति रही। परामर्शदाताओं में यशोमती भोरवंशी मैडम, संगीता उघड़े मैडम, विजय महतो एवं अनिल कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान यशोमती भोरवंशी मैडम ने भी बाबा साहब के जीवन एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है, और बाबा साहब ने इसे अपने जीवन में सिद्ध कर दिखाया।
सामाजिक छात्रा बिंदिया ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (Preamble) का प्रभावशाली वाचन किया और उसके मूल सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने एवं समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक संतोष सिंह राजपूत द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन परामर्शदाता विजय महतो द्वारा किया गया। अंत में सभी उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।