मध्यप्रदेश में IFS अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले
वन विभाग में शीर्ष स्तर पर बदलाव: अनुसंधान, वन्यजीव और लघु वनोपज संघ में नई नियुक्तियां
मध्यप्रदेश में IFS अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले
वन विभाग में शीर्ष स्तर पर बदलाव: अनुसंधान, वन्यजीव और लघु वनोपज संघ में नई नियुक्तियां
भोपाल, 1 अप्रैल 2026।मध्यप्रदेश शासन के वन विभाग ने बुधवार को भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल से जारी आदेश के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जारी सूची के मुताबिक, 1990 बैच के अधिकारी श्री विभाष कुमार ठाकुर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं विस्तार) मुख्यालय, भोपाल से स्थानांतरित कर अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किया गया है।
वहीं 1992 बैच की डॉ. समीता राजौरा को प्रतिनियुक्ति से वापस लेते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक/प्रबंध संचालक, म.प्र. राज्य लघुवनोपज संघ, भोपाल से हटाकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) मुख्यालय, भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में 1995 बैच की श्रीमती अर्चना शुक्ला, जो वर्तमान में वन विकास निगम, भोपाल में पदस्थ थीं, को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं विस्तार) मुख्यालय, भोपाल नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा 1997 बैच की श्रीमती कमोलिका मोहन्ता को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन-2) मुख्यालय भोपाल से स्थानांतरित कर म.प्र. राज्य लघुवनोपज संघ, भोपाल में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक/प्रबंध संचालक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है।
सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को वन विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी अधिकारियों को उनके नवीन पदस्थापन पर आगामी आदेश तक कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
