लोकेशन धामनोद
संवादाता मोनू पटेल
गुरुकुल स्कूल धामनोद में एडवेंचर समर कैंप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ
गुरुकुल स्कूल धामनोद में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और अवकाश को रचनात्मक एवं रोमांचक बनाने के उद्देश्य से एडवेंचर समर कैंप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। इस कैंप में धामनोद क्षेत्र से कक्षा 4 से कक्षा 12 तक के लगभग 200 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कैंप का संयोजन विद्यालय की हेड मिस्ट्रेस श्रीमती वृतिका जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिसमें लगभग 30 प्रशिक्षित शिक्षक एवं 20 सहयोगी शिक्षक विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में मार्गदर्शन दे रहे हैं।

यह समर कैंप 31 मार्च से 5 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह चार घंटे आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों के लिए रोमांच, खेल और रचनात्मकता से भरपूर अनेक गतिविधियाँ रखी गई हैं। विद्यालय के स्विमिंग पूल में सभी विद्यार्थियों के लिए स्विमिंग अनिवार्य गतिविधि रखी गई है, जिससे वे शारीरिक-कौशल और संतुलन का अभ्यास कर सकें।
इसके साथ ही सत्यम ब्लॉक में सभी विद्यार्थियों के लिए ज़िप लाइन और मंकी क्रॉलिंग जैसी रोमांचक एडवेंचर गतिविधियाँ अनिवार्य रूप से आयोजित की जा रही हैं, जिनका विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और साहस के साथ अनुभव किया। वहीं आर. के. गैलेक्सी ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों के लिए ऐच्छिक गतिविधियों के रूप में बैडमिंटन, टेबल टेनिस और शतरंज की व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में सुंदरम ब्लॉक में तीरंदाजी और शूटिंग जैसी एकाग्रता और लक्ष्य साधने की कला विकसित करने वाली गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। वहीं शिवम् ब्लॉक में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए आर्ट एंड क्राफ्ट, डांस और म्यूजिक की गतिविधियाँ रखी गई हैं।
समर कैंप के पहले दिन विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ सभी गतिविधियों में भाग लेते हुए भरपूर आनंद लिया। विद्यालय परिसर में चारों ओर उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। इस समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल, साहसिक गतिविधियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिल रहा है। 