अस्थाई दखल शुल्क का टेंडर खुलने से पहले निरस्त, किरंदुल नगरपालिका पर उठे गंभीर सवाल”
किरंदुल। नगरपालिका परिषद् किरंदुल द्वारा अस्थाई दखल शुल्क (वित्तीय वर्ष 2026–2027) के लिए जारी की गई निविदा को निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व अचानक निरस्त कर दिए जाने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त निविदा 2 मार्च से प्रारंभ हुई थी और 18 मार्च 2026 को खोली जानी थी। बताया जा रहा है कि इस बार बोली लगाने वालों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक थी, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ने और नगरपालिका को अधिक राजस्व मिलने की संभावना थी। ऐसे में बिना किसी पूर्व सूचना के 17 मार्च 2026 को निविदा निरस्त कर दिए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय जन प्रतिनिधियों और नागरिकों का कहना है कि यदि निविदा प्रक्रिया पूरी होती तो इससे नगरपालिका को आर्थिक लाभ मिल सकता था। अचानक लिए गए इस निर्णय से पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। इस मामले में पुूर्व पालिका अध्यक्ष मृणाल राय ने नगरपालिका प्रशासन से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल उठाया है कि निविदा निरस्त करने का निर्णय किसके निर्देश पर लिया गया और इससे किसे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।हालांकि, इस संबंध में नगरपालिका परिषद् के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा और प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।