Breaking News in Primes

केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने किया तारापुर में 33/11 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण

0 147

लोकेसन-तारापुर/धरमपूरी
संवाददाता मोनू पटेल

35 से अधिक गाँवों को मिलेगी सुदृढ़ एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति

धार/धरमपुरी।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार–महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने आज संसदीय क्षेत्र की धरमपुरी विधानसभा अंतर्गत ग्राम तारापुर में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, इंदौर के (संचारण/संधारण) संभाग महू द्वारा केंद्र सरकार की SSTD योजना के तहत स्थापित 33/11 केवी के नवीन ग्रिड उपकेंद्र (ग्राम तारापुर, सुन्दरेल वितरण केंद्र) का लोकार्पण कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने कहा कि क्षेत्र में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में सदैव शामिल रहा है। ग्रामवासियों की मांग पर उनके द्वारा संबंधित विभाग को इस ग्रिड उपकेंद्र की स्थापना हेतु निर्देशित किया गया था। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग द्वारा समय से पूर्व कार्य पूर्ण कर उपकेंद्र को जनसेवा के लिए समर्पित किया गया, जो सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस नवीन उपकेंद्र के प्रारंभ होने से लगभग 35 से अधिक गाँवों में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़, सुचारु एवं निर्बाध रूप से उपलब्ध होगी। इससे किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलेगी, घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली प्राप्त होगी तथा स्थानीय व्यापार एवं लघु उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह उपकेंद्र भविष्य की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
केंद्रीय मंत्री श्रीमती ठाकुर जी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ग्रामीण अधोसंरचना को सशक्त बनाने के लिए सतत प्रयासरत है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है, और यह उपकेंद्र उसी दिशा में एक ठोस कदम है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्री चंचल पाटीदार जी, मंडल अध्यक्षगण, समस्त क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर जी के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!