बचेली वन परिक्षेत्र में बाघ की दस्तक, रेल ट्रैक पर हाई अलर्ट जारी
बचेली: वन परिक्षेत्र बचेली अंतर्गत जंगल क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की सूचना से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग को ग्रामीणों द्वारा बाघ देखे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है, साथ ही पगमार्क भी मिले हैं, जिससे बाघ की सक्रियता की पुष्टि हुई है। इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी, बचेली द्वारा पूर्व तट रेलवे (ईस्ट कोस्ट रेलवे), किरंदुल के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (वर्क्स) को पत्र जारी कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में विशेष रूप से रेल ट्रैक क्षेत्र में आवागमन के दौरान सावधानी रखने को कहा गया है। वन विभाग ने निर्देश दिया है कि सुबह 5 बजे से 7 बजे तक तथा रात्रिकालीन समय में रेल ट्रैक पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों की आवाजाही के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग ने स्थानीय प्रशासन और रेलवे विभाग से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखने की अपील की है। वहीं ग्रामीणों से भी जंगल क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश न करने और बाघ दिखाई देने की स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया है।