News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: करवा चौथ के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक कौशांबी राजेश कुमार ने एक संवेदनशील और मानवीय पहल करते हुए जनपद की सभी विवाहित महिला पुलिस कर्मियों को अवकाश प्रदान करने का आदेश जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक के इस निर्णय से विभाग में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है। करवा चौथ जैसे पारंपरिक पर्व पर यह निर्णय न केवल महिला पुलिस कर्मियों के परिवारिक दायित्वों और सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि पुलिस सेवा के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
एसपी राजेश कुमार ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि कार्य व्यवस्था को सुचारु रखते हुए उक्त अवकाश का लाभ संबंधित महिला कर्मियों को सुनिश्चित कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अपने संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण और मानव-केंद्रित नेतृत्व शैली के लिए जाने जाते हैं। उनके इस निर्णय को पुलिस विभाग में सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पुलिस परिवार में सम्मान, संवेदना और संतुलन की भावना और मजबूत हुई है।