Breaking News in Primes

रामानंदाचार्य संप्रदाय के जगतगुरु बने डॉ वेदांती, स्वामी राम कमलाचार्य से जाने जाएंगे

0 108

*रामानंदाचार्य संप्रदाय के जगतगुरु बने डॉ वेदांती, स्वामी राम कमलाचार्य से जाने जाएंगे*

 

 

*पट्टाभिषेक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित, अखाड़ों के प्रमुख रहे मौजूद*

 

विदिशा जिला ब्यूरो मुकेश चतुर्वेदी

 

 

*गंजबासौदा।* नगर में वेदांत संस्कृत विद्यालय आश्रम के संस्थापक अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक डॉ रामकमलदास वेदांती जी का शनिवार को प्रयागराज महाकुंभ में एक धार्मिक समारोह में रामानंदाचार्य सम्प्रदाय के सबसे बड़े पद पर जगतगुरु के रूप में पट्टाभिषेक हुआ। रामानंदाचार्य संप्रदाय के जगतगुरु तुलसीपीठाधीश्वर रामभद्राचार्य जी महाराज द्वारा डॉ वेदांती जी का पट्टाभिषेक कर धर्म दंड सौंपते हुए जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी डॉ रामकमलाचार्य वेदांती के रूप में नया नाम दिया गया। धार्मिक समारोह में डॉ वेदांती के अलावा एक अन्य संत जगतगुरु विष्णुपद संतोषदास महाराज सतुआ बाबा का भी जगतगुरु के रूप में पट्टाभिषेक हुआ।

वेदांत आश्रम के महंत हरिहरदास जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारे क्षेत्र के लिए यह गौरव की बात है कि नगर से जुड़े डॉ वेदांती जी को रामानंदाचार्य संप्रदाय में सबसे बड़े पद जगतगुरु के पद पर पदासीन किया गया है। डॉ वेदांती जी को प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में शनिवार को आयोजित हुए धार्मिक समारोह में तीनों वैष्णव अखाड़ों (दिगंबर ,निर्मोही और निर्वाणी अखाड़ा) के प्रमुखों की सहमति से जूनाअखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज की उपस्थिति में जगतगुरु तुलसीपीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज ने स्वामी वेदांतीजी महाराज का पट्टाभिषेक कर रामानंद संप्रदाय के जगतगुरु के रूप में तिलक किया। अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ वेदांती जी सनातन धर्म के संरक्षण संवर्धन और उसके प्रचार प्रसार के लिए केवल भारत ही नहीं बल्कि विदेशोें में भी धर्म की ध्वजा लहरा रहे हैं उनकी वाणी,विचारों से विदेशी भी आज भारत की संस्कृति और धर्म से अपने आप को जोड़ रहे हैं। इस महाकुंभ में मंथन के रूप में आज भारत को दो जगतगुरु मिले हैं सनातन धर्म के लिए गौरव की बात है। इस धार्मिक समारोह में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के अलावा, मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्र जी महाराज, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, राजस्थान सांसद एवं संत बालकनाथ, अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास महाराज सहित बड़ी संख्या में संत महंत महामंडलेश्वर मौजूद थे। डॉ वेदांती जी के रामानंदाचार्य संप्रदाय के जगतगुरु बनने की जानकारी मिलने के बाद उनके अनुयायियों में हर्ष व्याप्त है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!