Breaking News in Primes

अंजड़ में लोकायुक्त की कार्रवाई: SI और आरक्षक 15 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप

केस खत्म करने के नाम पर मांगे थे 50 हजार, पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त ने पकड़ा लोकायुक्त

0 18

अंजड़ में लोकायुक्त की कार्रवाई: SI और आरक्षक 15 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप

 

केस खत्म करने के नाम पर मांगे थे 50 हजार, पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त ने पकड़ा

 

जिला बड़वानी के अंजड़ में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना अंजड़ के उपनिरीक्षक और एक आरक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया है। दोनों आरोपी एक पुराने केस में परेशान न करने और केस खत्म करने के नाम पर आवेदक से पैसे मांग रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक जयराज चौधरी, पिता भगवान जी चौधरी, अंजड़ के एमजी रोड स्थित सराफा बाजार में डायमंड ज्वेलर्स के संचालक हैं और साथ ही सौर ऊर्जा सामग्री सप्लाई का कार्य भी करते हैं। लगभग एक वर्ष पूर्व भारत बर्फा नामक व्यक्ति की आत्महत्या के मामले में पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की गई थी।

 

आरोप है कि 24 जनवरी 2026 को थाना अंजड़ के उपनिरीक्षक महावीर सिंह चंदेल और आरक्षक पवन प्रजापति अंजड़ न्यायालय के पास आवेदक से मिले। इस दौरान उपनिरीक्षक चंदेल ने कहा कि इस केस में अब तक आपको परेशान नहीं किया गया है और केस खत्म कर दिया जाएगा। इसके बदले उन्होंने 50 हजार रुपए की मांग की और कहा कि आरक्षक पवन प्रजापति दुकान पर आएगा, उसे खर्चा-पानी दे देना, अन्यथा केस में उल्टा फंसा दिया जाएगा।

 

इस संबंध में आवेदक ने लोकायुक्त इंदौर कार्यालय में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को लिखित शिकायत दी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।

 

कार्रवाई के दौरान आवेदक ने आरोपी आरक्षक पवन प्रजापति से संपर्क किया, जिस पर आरक्षक ने आवेदक से 15 हजार रुपए की रिश्वत ले ली और शेष 15 हजार रुपए बाद में देने की बात कही। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने आरक्षक को रिश्वत की राशि के साथ ट्रैप कर लिया।

 

दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2) के तहत लोकायुक्त पुलिस स्थापना में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!