परासिया
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका डोंगर परासिया के एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया। उक्त कार्यवाही नगर पालिका कार्यालय परासिया में की गई। ईओडब्ल्यू के अनुसार प्रार्थी लाल जी, निवासी कुम्हारी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 16, परासिया सफाई कर्मी पद से अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें विभाग से मिलने वाला ग्रेच्युटी फंड और पेंशन का भुगतान नहीं हुआ था। इस संबंध में जब वे नगर पालिका डोंगर परासिया के एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा से मिले तो उसके द्वारा ग्रेच्युटी और पेंशन जारी करने के बदले 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। जबकि एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा 20 हजार रुपये पहले ही ले चुका था। 13 फरवरी को प्रार्थी द्वारा ईओडब्ल्यू जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई गई। सत्यापन के दौरान 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप योजना बनाकर आज सुबह आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय, नगर पालिका डोंगर परासिया में रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रार्थी की ग्रेच्युटी फंड और पेंशन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 (ए) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।