कलेक्टर ने पास की कुर्सी में बैठाकर सुनी लोगों की फरियाद, निराकरण के दिए निर्देश। 120 आवेदनो की हुई सुनवाई, 25 को मिला “सुगम टोकन” का लाभ।
कलेक्टर ने पास की कुर्सी में बैठाकर सुनी लोगों की फरियाद, निराकरण के दिए निर्देश।
120 आवेदनो की हुई सुनवाई, 25 को मिला “सुगम टोकन” का लाभ।
*अरविंद सिंह परिहार सीधी*
शासन के निर्देशानुसार जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने जिलेभर से फरियाद लेकर आए नागरिकों को पास की कुर्सी में बैठाकर ध्यान पूर्वक समस्या सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को समुचित निराकरण के निर्देश दिए हैं। आज 17 फरवरी को आयोजित जनसुनवाई में कुल 120 लोगों की समस्याएँ गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों पर त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
जनसुनवाई में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए गरीब एवं जरूरतमंद आवेदकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा “सुगम टोकन” व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की गई। कलेक्टर की पहल पर बस संचालकों के सहयोग से पात्र हितग्राहियों को जनसुनवाई के बाद निःशुल्क घर वापसी की सुविधा प्रदान की जा रही है। जिसके तहत आज की जनसुनवाई में 25 जरूरतमंद हितग्राहियों को “सुगम टोकन” प्रदान किए गए। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले आवेदकों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है, ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सम्मानपूर्वक अपनी समस्या दर्ज करा सकें।
कलेक्टर श्री सोमवंशी ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखण्ड
अधिकारी गोपद बनास, राकेश शुक्ला सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।