मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजराजेश्वरी मंदिर में की पूजा-अर्चना
खंडवा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नववर्ष के अवसर पर खंडवा जिले के मोरटक्का स्थित नर्मदा तट पर श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर में सपरिवार दर्शन कर पूजा-अर्चना की और उपस्थित नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में कृषि विकास दर निरंतर बढ़ रही है और यह वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने मां नर्मदा को प्रदेश की जीवन रेखा बताते हुए कहा कि उनकी कृपा से प्रदेश निरंतर समृद्ध हो रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजराजेश्वरी सेवा भारती न्यास की समाजसेवी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने “कुपोषण मुक्त भारत अभियान” के तहत संचालित मातृ एवं शिशु आरोग्य केंद्र का निरीक्षण कर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण आहार सामग्री वितरित की, साथ ही निर्माणाधीन वेद विद्यालय भवन का अवलोकन किया। कार्यक्रम में कन्या पूजन कर बालिकाओं को उपहार भी प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, महापौर अमृता अमर यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।