News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक की। जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी योजना के अन्तर्गत विभिन्न बैंकों में लम्बित ऋण आवेदनों की बैंकवार समीक्षा के दौरान स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया एवं बैंक ऑफ बड़ौदा में अधिक संख्या में ऋण आवेदन लम्बित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सम्बन्धित बैंकर्स को लम्बित ऋण आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एलडीएम से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न करने वाले बैंको के विरूद्ध कार्यवाही की जाय। उन्हांने सभी बैंकर्स से कहा कि अनावश्यक ऋण आवेदनां को निरस्त न किया जाय। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत विभिन्न बैंको में लम्बित ऋण आवेदनों की समीक्षा के दौरान बैंकर्स को ऋण आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने एम.ओ.यू. दाखिल निवेशकों की प्रगति की समीक्षा के दौरान बैंको से सम्बन्धित प्रकरण पर एलडीएम को निर्देशित किया कि स्क्रूटनी कमेटी से रिपोर्ट प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किया जाय।

बैठक में उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल पर विगत एक माह में कुल 1333 प्रकरण प्राप्त हुए हैं, जिसमें से 1154 प्रकरण निस्तारित हो चुके है तथा 28 प्रकरण विभिन्न विभाग के स्तर पर लम्बित है, जिसमें-कृषि विभाग-15, श्रम विभाग-02, खाद्य एवं औषधि विभाग-01, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड-09 एवं रजिस्टार फर्म सोसायटी-01, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लम्बित प्रकरण समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि तहसील सिराथू के ग्राम-औरेनी एवं तहसील चायल के ग्राम-बसुहार में औद्योगिक आस्थान विकसित किए जाने के लिए प्रस्ताव मण्डलायुक्त, प्रयागराज को प्रेषित किया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण तथा उद्यमीगण- प्रेम चौधरी, पुष्पेन्द्र केसरवानी व जगदीश शिवहरे आदि उपस्थित रहें।