Breaking News in Primes

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान" से गीतकार श्री प्रसून जोशी को किया गया अलंकृत

0 36

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए

 

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान” से गीतकार श्री प्रसून जोशी को किया गया अलंकृत

 

हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के पुण्‍य स्‍मरण अवसर पर आयोजित #राष्ट्रीय_किशोर_कुमार_सम्मान_समारोह के दूसरे दिन राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान अलंकरण से सुविख्‍यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को अलंकृत किया गया। मंगलवार रात्रि में खंडवा के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअली उपस्थिति में अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने सुविख्यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को

शॉल, श्रीफल एवं सम्मान पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि गायन के क्षेत्र में स्वर्गीय किशोर कुमार का अपना अलग अंदाज था, जिसे पुरानी पीढ़ी के साथ-साथ नई पीढ़ी के युवा भी काफी पसंद करते हैं। उनका मातृभूमि के प्रति लगाव अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश संगीत सम्राट तानसेन, स्वर कोकिला लता मंगेशकर और किशोर कुमार की भूमि है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के अनुरोध पर आगामी वर्षों में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह के दो दिवसीय आयोजन की इस अवसर पर घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में स्वर्गीय किशोर कुमार का प्रसिद्ध गीत “जिंदगी एक सफर है सुहाना” गुनगुनाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि शब्द और अक्षर अखंड और ब्रह्म है। अक्षरों की रचना में सुप्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी को महारत हासिल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1997 में हुआ राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान देश के सुविख्यात कलाकारों को दिया जाता रहा है । इसी क्रम में आज जाने-माने गीतकार प्रसून जोशी को यह सम्मान दिया जा रहा है।

जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. विजय शाह ने इस अवसर पर कहा कि किशोर कुमार की जन्मभूमि पर खंडवा में हर वर्ष यह कार्यक्रम एक दिवसीय आयोजित किया जाता है। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जी से आगामी वर्षों में इस कार्यक्रम के दो दिवसीय आयोजन की घोषणा करने का अनुरोध किया। मंत्री डॉक्टर शाह ने श्री प्रसून जोशी को किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि किशोर कुमार की यह विशेषता थी कि वे जिस हीरो के लिए गाते थे, अपनी आवाज उस हीरो की आवाज से मिलाकर गाते थे। स्वर्गीय किशोर कुमार ने अपने हास्य गीतों के माध्यम से श्रोताओं को जितना हंसाया, दर्द भरे नगमों के माध्यम से उतना रुलाया भी। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार में जो बाल सुलभता थी, वह बहुत ही कम कलाकारों में पाई जाती है।

इससे पूर्व संस्कृति विभाग के संचालक श्री एन पी नामदेव ने अपने स्वागत उद्बोधन में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। श्री नामदेव ने इस अवसर पर गीतकार श्री प्रसून जोशी के लिए प्रशस्ति वाचन किया। उन्होंने बताया कि संस्‍कृति विभाग द्वारा महान गायक एवं कलाकार स्व. किशोर कुमार की स्‍मृति में यह सम्‍मान वर्ष 1997 से लगातार प्रदान किया जा रहा है। अब तक 27 विभूतियों को इस सम्‍मान से अलंकृत किया जा चुका है। इसके अंतर्गत सम्‍मान स्‍वरूप रुपये 5 लाख की कर मुक्‍त राशि एवं सम्‍मान पट्टिका प्रदान की जाती है। यह सम्‍मान अभिनय, पटकथा लेखन, गीत लेखन एवं निर्देशन के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने के लिए प्रदान किया जाता है।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और स्वर्गीय किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम के अंत में संस्कृति विभाग की उपसंचालक श्रीमती पूजा शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। अलंकरण के बाद सुप्रसिद्ध गायक श्री हेमंत कुमार एवं ग्रुप, मुम्‍बई द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्‍तुति दी।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय भी उपस्थित थे।

 

अब तक इन्हें मिल चुका है किशोर कुमार सम्मान

 

वर्ष 1997_98 में प्रारंभ हुआ राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अब तक हृषिकेश मुखर्जी, नसीरूद्दीन शाह, गुलजार, कैफी आजमी, बी.आर. चोपड़ा, अमिताभ बच्चन, गोविंद निहलानी, जावेद अख़्तर, श्याम बेनेगल, शत्रुघ्न सिन्हा, मनोज कुमार, गुलशन बावरा, यश चोपड़ा, देव आनंद,सलीम खान, समीर, सई परांजपे, दिलीप कुमार, रूमी जाफरी, योगेश, प्रियदर्शन, वहीदा रहमान

अशोक मिश्रा, अमिताभ भट्टाचार्य, विवेक रंजन अग्निहोत्री, धर्मेन्द्र देओल, राजकुमार हिरानी को मिल चुका है। इस वर्ष यह सम्मान सुप्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी को दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!