कौशांबी के विकास को लेकर मुख्यमंत्री से मिले पूर्व विधायक संजय गुप्ता, विकास, बिजली और जनहित के मुद्दों पर मुख्यमंत्री से की विस्तृत चर्चा, शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशांबी: चायल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता ने आज गुरुवार को उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राजधानी लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और इसके बाद जनपद कौशांबी के सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले में विद्युत आपूर्ति की बदहाल स्थिति, बार-बार हो रही कटौती, ट्रांसफार्मर की कमी, जर्जर तारों एवं पोलों की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में अधूरी पड़ी सड़क परियोजनाएं, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किसानों की समस्याएं और रोजगार के अभाव जैसे मुद्दों को भी गंभीरता से उठाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और तुरंत आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर जिले के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कौशांबी जैसे पिछड़े जिलों को प्राथमिकता के आधार पर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले के लोगों को उम्मीद है कि इस बैठक के सकारात्मक परिणाम जल्द ही ज़मीनी स्तर पर देखने को मिलेंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व विधायक संजय गुप्ता का सक्रिय होना और मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से जिले की समस्याओं को उठाना एक बड़ी राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
जनता में जगी उम्मीद
पूर्व विधायक की इस पहल को जिले की जनता द्वारा सराहा जा रहा है। लोगों को विश्वास है कि इस संवाद से कौशांबी को विकास की नई दिशा मिलेगी और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होगा।