ग्राम भीलगांव में गाँव पटेल की स्मृति में मृत्यू भोज की जगह विभिन्न संस्थाओं में किया दान
राजू पटेल कसरावद(खरगोन)
कसरावद तहसील क्षेत्र के ग्राम भीलगांव में ग्राम पटेल मेहताब सिंह पटेल का विगत दिनों स्वर्गवास हो गया था। उनके बारहवें के कार्यक्रम में पगड़ी रस्म एवं श्रद्धांजलि का आयोजन हुआ। उनके सुपुत्र अमरसिंह पटेल, इंद्रसिंह पटेल और पोते लोकेंद्र सिंह राठौर ने इस अवसर पर गायत्री परिवार के विधि विधान से पगड़ी रस्म करवाई। गायत्री परिवार के माधव पाटीदार ने उत्तर कार्य संपन्न कराया।
राठौर परिवार ने मृत्यु भोज में मीठा न बनाते हुए सीमित जनों को सादा भोजन कराया। इस अवसर पर स्व. मेहताब सिंह पटेल की अक्षय स्मृति में उनके परिवारजनों ने रूद्राक्ष के पांच पौधे रोपित किए। ब्रह्मभोज के रूप में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों को श्रीमद् भागवत गीता भेंट की।
दिवंगत पुण्यात्मा की स्मृति में परिवार जनों ने विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं जिनमें गायत्री शक्तिपीठ कसरावद,क्षत्रिय राजपूत समाज धर्मशाला भीलगांव को ग्यारह ग्यारह हजार रुपए,ग्राम पंडित प्रजेश गावशिंदे को 2500/ शांतिकुंज हरिद्वार प्रतिनिधि प्रमोद बार्चे को 2100/ पाटीदार समाज धर्मशाला भीलगांव को 5100/ आदिवासी समाज भीलगांव को 2100/ हरिजन समाज भीलगांव को 2100/ ,गौ शाला समिति बलगांव को 2100/,मां बाघेश्वरी कुलदेवी मंदिर छोटी कसरावद को 2100/ और प्रज्ञा विद्या मंदिर भीलगांव को 2100/ रूपए दान कर लोक-मंगल हेतु स्वस्थ परंपरा विकसित की। इससे उपस्थित अन्य लोगों ने भी प्रेरणा ग्रहण कर इस सद्कार्य की प्रशंसा की।
उनके पोते लोकेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि ग्राम पटेल मेहताब सिंह जी ने 100 वर्ष का जीवन जीया। वे बड़े सदाशयी और जिंदादिल इंसान थे। वे ग्राम के परोपकारी कार्यों में सदैव अग्रणी रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश तंवर, दिलीप गावशिंदे, सुरेन्द्र सिंह राठौर, कैलाश दरबार, इंदरसिंह राठौर, दिलीप सिंह राठौर आदि गणमान्य जनों ने पटेल साहब को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके कर्तृत्व को याद किया।