Breaking News in Primes

MP में चली शीतलहर, अगले 48 घंटों में प्रदेश में पड़ेगी रिकार्ड तोड़ ठंड

0 717

*MP में चली शीतलहर, अगले 48 घंटों में प्रदेश में पड़ेगी रिकार्ड तोड़ ठंड*

भोपाल। मध्य प्रदेश में रिकार्ड तोड़ ठंड पड़ने का सिलसिला जारी है। रात के साथ ही अब दिन के तापमान में भी गिरावट होने लगी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी में शीतलहर चली। रात का तापमान भी 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसके पहले 23 नवंबर को भी भोपाल में शीतलहर चली थी। भोपाल, इंदौर एवं ग्वालियर में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।

 

*सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट*

 

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हो रही है। अभी एक-दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, वर्तमान में देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में भी गहरा अवबाद का क्षेत्र बना है। अफगानिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है।

 

*हवाओं के रुख में बदलाव*

 

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि गहरे अवदाब के क्षेत्र के तूफान फेंगल में बदलकर शनिवार सुबह पुड्डूचेरी के पास टकराने के आसार हैं। हालांकि मध्य प्रदेश के मौसम पर फेंगल तूफान का असर पड़ने की संभावना काफी कम है, लेकिन हवाओं के रुख में बदलाव होने के कारण रविवार से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

वर्तमान में उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शनिवार-रविवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं।

 

*कब चलती है शीतलहर*

 

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक जब रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो। साथ ही तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो तो शीतलहर चलने की घोषणा की जाती है। शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!