Breaking News in Primes

सुशासन और सुव्यवस्था की स्थापना में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0 77

सुशासन और सुव्यवस्था की स्थापना में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री निवास पर पदक प्राप्त पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों का पारिवारिक सम्मान कार्यक्रम

अपने कर्तव्य के प्रति सदैव सजग रहने वाले पुलिस अधिकारी और जवान सराहना के पात्र हैं- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश पुलिस ने सुव्यवस्था स्थापित करने और अपराधों पर नियंत्रण के क्षेत्र में अच्छा कार्य किया है। सुशासन स्थापना में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। अपने कर्तव्य के प्रति सदैव सजग रहने वाले पुलिस अधिकारी और जवान सराहना के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय पदक अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट सेवा, सराहनीय सेवा और वीरता के लिए सम्मानित हुए 69 पुलिस अधिकारियों और जवानों के पारिवारिक सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस परिवारों के सदस्य गण और पुलिस स्टाफ द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की उन्मुक्त प्रशंसा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस पदक प्राप्त अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अनेक अवसरों पर खुद के जीवन को दांव पर लगाकर अपना दायित्व निभाया है। कोविड के समय चौराहे-चौराहे पर पुलिसकर्मी खड़े थे और चुनौतियों का सामना कर रहे थे। साहस के साथ हर परिस्थिति में अडिग पुलिस अधिकारी और जवान सांस्कृतिक क्षेत्र में भी योग्यता रखते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में प्रस्तुत बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अधर्म के विरूद्ध धर्म की स्थापना के लिए अपने जीवनकाल में लगातार कार्य किया। आज के समय में पुलिस की भी यही भूमिका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता ‍दिवस की वर्षगांठ हम सभी के लिए सबसे बड़ा त्योहार है। स्वतंत्रता हमारे लिए सर्वोत्तम और सर्वोच्च है। पूरा राष्ट्र देशभक्ति और आनंद के भाव से ओत-प्रोत होकर इस उत्सव में शामिल होता है।

पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा और निर्देशों के पालन में तेज ध्वनि में लाउड स्पीकर के उपयोग पर नियंत्रण, पुलिस थानों की सीमाओं में आवश्यक सुधार, गोवंश रक्षा के कार्यों के साथ ही पुलिस बल में पदोन्नतियों की प्रक्रिया पूर्ण करने और पुलिस बैंड की भूमिका को महत्वपूर्ण बनाने का कार्य किया है। चाहे डकैत हों या नक्सली या देशविरोधी तत्व उन पर सख्त अंकुश के लिए मध्यप्रदेश पुलिस सक्रिय और सजग रहेगी।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश पुलिस के परिजन एवं पुलिस स्टाफ द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम जिसमें देशभक्ति गीत, समूह गीत, मेलोडी ऑर्केस्ट्रा, समूह नृत्य और नृत्य नाटिका प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव गृह एस.एन. मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह, डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार, स्पेशल डीजी विजय कटारिया, एडीजी लोकायुक्त योगेश चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ ही उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन एडीजी एसएएफ साजिद फरीद शापू ने किया।

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!