News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी : कौशाम्बी जनपद के चरवा थाना क्षेत्र में 29 जून 2025 की शाम को हुई 60 वर्षीय राजकुमारी देवी की हत्या का कौशाम्बी पुलिस ने आज 30 जून 2025 को अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त राम प्रकाश उर्फ नन्हे को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है।
दिनांक 30 जून 2025 को श्री गया प्रसाद, पुत्र छोटे लाल, निवासी रसूलपुर बदले ने चरवा थाने में सूचना दी कि उनकी बड़ी बहन श्रीमती राजकुमारी की हत्या 29 जून 2025 की शाम को राम प्रकाश उर्फ नन्हे और अन्य लोगों द्वारा संपत्ति विवाद को लेकर गोली और धारदार हथियार से कर दी गई है। इस तहरीर के आधार पर चरवा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी, श्री राजेश कुमार ने अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। गठित टीमों ने मोबाइल सर्विलांस की मदद से संभावित स्थानों पर दबिश और चेकिंग की। आज 30 जून 2025 को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त राम प्रकाश उर्फ नन्हे, पुत्र स्व. अमर सिंह, निवासी मोहिद्दीनपुर रतगहा, थाना चरवा, जनपद कौशाम्बी को ग्राम अरई सुमेरपुर चपहुआ मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। विधिक कार्यवाही के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त राम प्रकाश उर्फ नन्हे ने पुलिस की गहन पूछताछ में बताया कि मृतका राजकुमारी उसकी बड़ी मां लगती थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। वर्ष 2022 में उनके पति की मृत्यु हो गई थी। मृतका के नाम करीब 03 बीघा जमीन थी, जिसके संबंध में उनका और मृतका का वसीयत का मुकदमा चल रहा था। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने जमीन के लालच में राजकुमारी की हत्या कर दी।
बरामदगी:
पुलिस ने अभियुक्त के पास से आलाकत्ल (हत्या में प्रयुक्त हथियार) के रूप में 01 अदद तमंचा 315 बोर, 01 अदद जिंदा कारतूस और 01 अदद खोखा कारतूस बरामद किया है।